Wednesday 17 December 2014

भाजपा ने दिए रावत और सोनगरा को संकेत

भाजपा ने दिए रावत और सोनगरा को संकेत
अजमेर शहर जिला भाजपा के अध्यक्ष अरविंद यादव ने भाजपा के दो बड़े नेताओं को राजनीतिक रिटायरमेंट लेने के संकेत दे दिए हैं। यह नेता है पांच बार सांसद रहे रासासिंह रावत और पूर्व मंत्री श्रीकिशन सोनगरा। यादव ने अपने कार्यकारिणी में रासासिंह रावत के पुत्र तिलक रावत व श्रीकिशन सोनगरा के पुत्र विकास सोनगरा को उपाध्यक्ष बनाया है। तिलक व विकास पिछले कुछ वर्षों से भाजपा की राजनीति में सक्रिय थे, लेकिन अपने-अपने पिताओं की महत्त्वकांक्षओं के चलते दोनों युवा पुत्र ज्यादा सक्रियता नहीं दिखा पा रहे थे। यादव ने राजनीतिक सूझबूझ दिखाते हुए जहां दोनों युवा पुत्रों को सक्रिय होने का अवसर दे दिया है, वहीं दोनों के पिताओं को भी राजनीतिक संदेश दे दिया है। रासासिंह रावत व श्रीकिशन सोनगरा राजनीति में अपने पुराने रिकॉर्ड के आधार पर नए अवसरों के इंतजार में थे। लेकिन यादव ने उनके इंतजार पर विराम लगा दिया है। नई कार्यकारिणी में अजमेर उत्तर क्षेत्र के विधायक व स्कूली शिक्षामंत्री वासुदेव देवनानी ने अपना प्रभाव प्रदर्शित किया है। तीन महामंत्रियों में से दो रमेश सोनी व जयकिशन पारवानी देवनानी के समर्थक हैं, जबकि सुरेन्द्र सिंह शेखावत को दक्षिणी क्षेत्र की विधायक व महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिता भदेल का समर्थक माना जाता है। गत कार्यकारिणी में देवनानी के समर्थक धर्मेन्द्र गहलोत भी महामंत्री थे, लेकिन इस बार गहलोत को महामंत्री नहीं बनाया गया। यह गहलोत की उपेक्षा नहीं है। बल्कि देवनानी और गहलोत की सोची समझी राजनीति है। देवनानी का प्रयास है कि गहलोत को अजमेर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष मनोनीत कराया जावे और यदि इसमें सफलता नहीं मिले तो अगले वर्ष अगस्त में होने वाले नगर निगम के चुनाव में मेयर का उम्मीदवार बनाया जाए। इसलिए देवनानी गहलोत को सुरक्षित रखा है। गत कार्यकारिणी में प्रचार मंत्री रहे कंवल प्रकाश किशनानी को नई कार्यकारिणी में स्थान नहीं दिलवाकर देवनानी ने अपना वर्चस्व साबित किया है। अजमेर की राजनीति में देवनानी व भदेल को आमने-सामने माना जाता है, लेकिन भाजपा के पदाधिकारियों की घोषणा में देवनानी ने अपना पलड़ा भारी रखा है। शहर अध्यक्ष यादव ने भी देवनानी के पक्ष में ही रहने के संकेत दिए हैं। हालांकि यादव अपने बलबूते पर शहर अध्यक्ष बने हैं। यादव को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और अजमेर से राज्यसभा के सांसद भूपेन्द्र यादव का समर्थन है। राजनीति में यादव की छवि साफ-सुथरी मानी जाती है। (एस.पी.मित्तल)(spmittal.blogspot.in)

No comments:

Post a Comment