Sunday 11 January 2015

चमचों और स्वार्थियों ने सादगी से नहीं बनने दिया मंत्री देवनानी का जन्मदिन

चमचों और स्वार्थियों ने सादगी से नहीं बनने दिया मंत्री देवनानी का जन्मदिन
अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक और प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने घोषणा की थी कि इस बार 11 जनवरी को उनका जन्मदिन सादगी से मनाया जाएगा, लेकिन सत्ता के चमचों और स्वार्थियों ने देवनानी को जन्मदिन सादगी से नहीं मनाने दिया। सत्ता का लाभ उठाने वालों ने ऐसा चक्र चलाया, जिससे लगा कि भव्य तरीके से जन्मदिन मनाया जा रहा है। हालांकि देवनानी ने जन्मदिन पर सरकारी कार की जगह साइकिल चलाई और जैन तीर्थ स्थल नारेली पहुंचकर गायों को चारा खिलाया, पुष्कर तीर्थ में पूजा-अर्चना की तो अपने निवास पर सुंदरकांड का पाठ। इतना ही नहीं वृद्धाश्रम और आर्य समाज के अनाथालय में असहाय बुजुर्गो और बच्चों के दु:खों को बांटा। यानि देवनानी ने अपनी ओर से जन्मदिन को सादगी के साथ मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन सत्ता के लालचियों और स्वार्थी लोगों ने बाजारों, चौराहों आदि पर बड़े-बड़े होर्डिंग लगा कर जन्मदिन को भव्यता प्रदान कर दी। लाखों रुपए खर्च कर अखबारों में जन्मदिन की बधाई के विज्ञापन भी दिए। चूंकि इस समय देवनानी अजमेर जिले में पंचायत राज संस्थाओं के चुनावों में भाजपा के उम्मीदवार भी तय कर रहे हैं, इसलिए जन्मदिन मनाने में टिकटार्थी भी सक्रिय हो गए। जिन लोगों ने कभी अपने माता-पिता को पानी भी न पिलाया, उन्हें भी आज शिक्षामंत्री के लिए खून का दान करते हुए देखा गया। देवनानी अजमेर से लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं और उन्हें राजनीति का माहिर खिलाड़ी माना जाता है। देवनानी के भी सब समझ में आ रहा है कि कौन किस नजरिए से जन्मदिन बना रहा है। कल तक जो लोग राजनीतिक प्रतिद्वंदी थे, वे भी अपना फोटो देवनानी के साथ दिखा कर गौरवान्वित हो रहे हैं।
-(एस.पी.मित्तल)(spmittal.blogspot.in)

No comments:

Post a Comment