Tuesday 27 January 2015

राजस्व मंडल की अध्यक्ष नीलिमा जौहरी को है तिरंगे से परहेज

राजस्व मंडल की अध्यक्ष नीलिमा जौहरी को है तिरंगे से परहेज
अजमेर स्थित राजस्थान राजस्व मंडल की अध्यक्ष नीलिमा जौहरी को शायद देश के राष्ट्रीय ध्वज से परहेज है इसलिए वे स्वाधीनता और गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा नहीं फहराती है। मंडल के अध्यक्ष का पद मुख्य सचिव स्तर का होता है। प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में मंडल अध्यक्ष की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है, लेकिन इसे दुर्भाग्यपूर्ण ही कहा जाएगा कि मंडल अध्यक्ष जौहरी ने  इस बार 26 जनवरी को मंडल के भवन पर ना तिरंगा फहराया ना ही गत 15 अगस्त को समारोह में ध्वजारोहण किया। जौहरी की गैर मौजूदगी में 15 अगस्त को मंडल के सदस्य मोहम्मद हनीफ और इस बार 26 जनवरी को अशोक सावरिया ने ध्वजारोहण किया। देश की आजादी से जुड़े दोनों महत्वपूर्ण अवसरों पर मंडल अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण नहीं किया जाना गंभीर बात है। असल में नीलिमा जौहरी अवकाश के दिनों में जयपुर चली जाती है। चूंकि इस बार भी 25 जनवरी का रविवार था इसलिए जौहरी 23 जनवरी को ही जयपुर चली गई और फिर सिर्फ ध्वजारोहण करने के लिए अजमेर नहीं आई। जौहरी के बाद मंडल में सबसे वरिष्ठ सदस्य निरंजन आर्य है, लेकिन आर्य की भी मंडल भवन पर तिरंगा फहराने में कोई रूचि नहीं है। आर्य तो नियुक्ति के बाद से ही अजमेर मुख्यालय की बजाय राजस्व मंडल की जयपुर स्थित सर्किट बैंच पर ही कामकाज करते हैं। आर्य आईएएस केडर के वरिष्ठ अधिकारी है और माना जाता है कि सरकार ने उनकी वरिष्ठता के विपरित राजस्व मंडल का सदस्य बना रखा है। असल में गत कांग्रेस शासन में आर्य मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रभावशाली सचिव रह चुके हैं। इसलिए वर्तमान की भाजपा सरकार आर्य को महत्वपूर्ण पद नहीं दे रही है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की अरूचि के कारण जुनियर अधिकारियों को मंडल भवन पर ध्वजारोहण करने का अवसर मिल रहा है। 26 जनवरी को जिन अशोक सावरिया ने ध्वजारोहण किया वे आरएएस से पदोन्नत होकर हाल ही में आईएएस बने है जबकि 15 अगस्त को ध्वजारोहण करने वाले मोहम्मद हनीफ आईएएस बनने का इंतजार कर रहे है।
कांग्रेस का सड़क पर, भाजपा का ध्वजारोहण नहीं
इसे अजमेर में कांग्रेस के बुरे दिन ही कहा जाएगा कि इस बार गणतंत्र दिवस के समारोह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सड़क पर ध्वजारोहण करना पड़ा। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह रलावता ने मदार गेट चौराहे पर ध्वजारोहण किया। हालांकि इस कार्यक्रम को क्षेत्र के व्यापारियों ने किया था लेकिन इसे कांग्रेस कमेटी का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया। इससे पहले तक कांग्रेस का ध्वजारोहण जयपुर रोड स्थित मदन निवास परिसर में कांग्रेस कार्यालय में होता रहा है, लेकिन अब यह कार्यालय भी भवन मालिक ने कांग्रेस से छीन लिया। इसलिए कार्यकर्ताओं को सड़क पर ही गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम करना पड़ा। वहीं शहर जिला भाजपा के अध्यक्ष अरविंद यादव ने तो किसी भी स्थान पर संगठन की ओर से आयोजित समारोह में ध्वजारोहण नहीं किया। मालूम हो कि अजमेर में शहर भाजपा का कोई कार्यालय ही नहीं है। भाजपा की बैठकें भी भाजपा नेताओं की होटलों में होती है।
(एस.पी. मित्तल)(spmittal.blogspot.in)

No comments:

Post a Comment