Monday 16 March 2015

क्या प्रभारी मंत्री देवनानी से नाराज है अजमेर कलेक्टर

क्या प्रभारी मंत्री देवनानी से नाराज है अजमेर कलेक्टर
क्या अजमेर की जिला कलेक्टर डॉ. आरुषि मलिक प्रभारी मंत्री वासुदेव देवनानी से नाराज है? यह सवाल इसलिए उठा कि 16 मार्च को कलेक्ट्रेट के सभागार में प्रभारी मंत्री की हैसियत से देवनानी ने जो बैठकें ली, उनमें कलेक्टर मलिक उपस्थित नहीं हैं। ऐसा नहीं कि कलेक्टर मलिक 16 मार्च को अजमेर में नहीं थी। कलेक्टर ने देवनानी के आने से पहले अन्य प्रशासनिक बैठकें की और आवश्यक निर्देश भी दिए, लेकिन प्रभारी मंत्री के आने से पहले डॉ. मलिक कलेक्ट्रेट को छोड़कर चली गई। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार देवनानी ने चेटीचंड और महावीर जयंती के जुलूस पर प्रशासन की तैयारियों को लेकर बैठक की। इस बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक महेन्द्र चौधरी तो उपस्थित रहे, लेकिन कलेक्टर मलिक की अनुपस्थिति प्रशासन में चर्चा का विषय बनी रही। कलेक्टर की गैर मौजूदगी पर प्रभारी मंत्री देवनानी भी खफा नजर आए। आमतौर पर देवनानी कलेक्टर मलिक की नाराजगी वाले कारणों को टालते रहे हैं, लेकिन 16 मार्च को शायद देवनानी का धैर्य भी जवाब दे गया। इसीलिए देवनानी कलेक्ट्रेट के सभागार से निकल कर जिला कलेक्ट्रेट आरुषि मलिक की सरकारी कुर्सी पर जाकर बैठ गए। देवनानी नेे प्रभारी मंत्री के अधिकारों का उपयोग करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस बीच डिग्गी बाजार के व्यापारियों से कलेक्टर की कुर्सी पर बैठकर ही ज्ञापन भी लिया। 16 मार्च को जिस प्रकार कलेक्टर मलिक और प्रभारी मंत्री देवनानी के बीच नाराजगी देखने को मिली, उसकी चर्चा अब प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्र में जोरों पर है। जानकार सूत्रों के अनुसार 15 मार्च को भी देवनानी ने सर्किट हाऊस में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में भी पुलिस अधीक्षक, एडीए आयुक्त स्नेहलता पंवार, निगम के सीईओ सी.आर.मीणा आदि उपस्थित हुए, लेकिन कलेक्टर की अनुपस्थिति खलती रही। आमतौर पर कोई भी राजनेता सरकारी अधिकारी की कुर्सी पर नहीं बैठता है। प्रशासन में जो नियम कायदे बने हुए हैं, उसके अंतर्गत वरिष्ठ अधिकारी ही अपने अधीनस्थ अधिकारी की कुर्सी पर बैठ सकता है। इसीलिए 16 मार्च को जब देवनानी कलेक्टर की कुर्सी पर बैठे तो अनेक सवाल उठने लगे हैं। अब देखना है कि कलेक्टर मलिक इस मामले में क्या रुख अपनाती हैं।
(एस.पी. मित्तल)(spmittal.blogspot.in) M-09829071511

No comments:

Post a Comment