Monday 11 May 2015

सिटी मजिस्ट्रेट बनाम सिटी मैनेजर

सिटी मजिस्ट्रेट हरफूल सिंह यादव ने गत माह सम्पन्न हुए ख्वाजा साहब के सालाना उर्स में जम कर वाट्स-एप तकनीक का इस्तेमाल किया। यादव उर्स मेला मजिस्ट्रेट भी थे, इसलिए उर्स के सभी इंतजामों की जिम्मेदारी यादव की ही थी। अपने कार्य को आसान बनाने के लिए यादव ने वाट्स-एप पर उर्स मुबारक 015 नाम से एक ग्रुप बना लिया। इस ग्रुप में बिजली, पानी, सफाई, एडीए, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग जिला प्रशासन, पुलिस आदि के अधिकारियों को जोड़ लिया। अधिकारियों से कहा गया कि उनके विभाग से संबंधित समस्या एवं अन्य कोई भी जानकारी हो, वह तत्काल ग्रुप पर शेयर करें और समस्या के समाधान में सभी विभाग मिल कर कार्य करें। स्वयं यादव को भी कोई प्रशासनिक जानकारी देनी होती थी तो ग्रुप में ही शेयर करते थे। यादव की इस कार्यप्रणाली से जहां सभी विभाग एकजुट रहे, वहीं यह समस्या भी खत्म हो कि संबंधित विभाग के अधिकारी को जानकारी नहीं मिली। हालांकि इससे उर्स के इंतजामों को करने में सुविधा हुई, लेकिन अधिकारी चौबीस घंटे के लिए बंध गए। चूंकि छह दिवसीय उर्स के इंतजाम करीब दस दिनों तक होते हैं, इसलिए दस दिनों तक संबंधित अधिकारी चौबीस घंटे की ड्यूटी पर रहे। लेकिन 28 अप्रैल को जैसे ही उर्स के इंतजाम बंद हुए वैसे ही अधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट के ग्रुप को छोडऩा शुरू कर दिया। एक के बाद एक लेफ्ट होते अधिकारियों को रोकने के लिए यादव ने ग्रुप का नाम सिटी मैनेजर रख दिया। यादव ने अपने संदेश में कहा कि अधिकारियों को ग्रुप छोडऩे की जरुरत नहीं है, क्योंकि अब सिटी को मैनेज करने का काम करना है। यादव का कहना था कि सरकारी अधिकारी को जनता के सेवक के रूप में ही कार्य करना होता है, इसलिए सामान्य दिनों में उर्स के इंतजामों की तरह काम करना चाहिए। सरकार ने भले ही उनके पद का नाम सिटी मजिस्ट्रेट रखा हो, लेकिन कार्य तो सिटी मैनेजर का ही है। जिस प्रकार एक होटल का मैनेजर अपनी होटल को सही प्रकार से चलाता है, ठीक उसी प्रकार सिटी मजिस्ट्रेट को भी सिटी को मैनेज करना होता है। विभाग के अधिकारियों का अब कहना है कि यादव के तबादले के बाद ही इस वाट्स एप जैसे बिच्छु से पीछा छूटेगा। जो अधिकारी कामचोर हैं, उन्हें अब यादव के तबादले का इंतजार है, वहीं जिला कलेक्टर डॉ. आरुषि मलिक ने यादव की वाट्सएप कार्यशैली की प्रशंसा की है। कलेक्टर की चली तो यादव को फिलहाल सिटी मजिस्ट्रेट के पद से हटाने नहीं देंगी।
(एस.पी. मित्तल)(spmittal.blogspot.in) M-09829071511

No comments:

Post a Comment