Sunday 3 May 2015

पुष्कर के भाजपा विधायक रावत भी पालिकाध्यक्ष के मुम्बई जश्न में

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की दान दक्षिणा से चलने वाली पुष्कर नगर पालिका के अध्यक्ष कमल पाठक गत 29 अप्रैल से पार्षदों और उनके रिश्तेदारों के साथ माया नगरी मुम्बई में अपना जन्म दिन जश्न के साथ मना रहे हंै। इस जश्न में अब पुष्कर के भाजपा विधायक सुरेश सिंह रावत भी शामिल हो गए हैं। पाठक पार्षदों के कुनबे को हवाई जहाज से मुम्बई ले गए हैं। पार्षदों के जश्न में उस समय चार-चांद लग गए, जब विधायक रावत भी शामिल हुए। जिन आलीशान होटलों और फार्महाऊस में पार्षद मौज कर रहे हैं, उनमें विधायक रावत भी पीछे नहीं हंै। विधायक रावत के सहायक माने जाने वाले ज्ञान सिंह ने टेलीफोन पर बताया कि रावत तो मुम्बई में लग रहे भाजपा के एक शिविर में शामिल होने आए हैं। ज्ञान सिंह ने कहा कि रावत दिन भर भाजपा के शिविर में ही व्यस्त रहते है। मुम्बई में यह शिविर कहा लग रहा है तथा राजस्थान से भाजपा के कितने विधायक शिविर में शामिल हैं, इसकी जानकारी ज्ञान सिंह टेलीफोन पर नहीं दे सके। वहीं पालिका अध्यक्ष के जश्न में डूबे पार्षद और उनके रिश्तेदार अपने बीच भाजपा विधायक को देखकर बेहद खुश हंै। विधायक, पालिका अध्यक्ष, पार्षद और उनके रिश्तेदार अगले एक दो दिन में हवाई जहाज से ही मुम्बई से जयपुर एयरपोर्ट पर आएंगे और फिर जयपुर से एसी कारों से पुष्कर पहुंचेंगे। चूंकि कमल पठाक के जन्म दिन के जश्न में पालिका के ईओ शशिकांत शर्मा भी मुम्बई गए हुए हैं, इसलिए पुष्कर में नगर पालिका का सामान्य कामकाज प्रभावित हो रहा है। जब पालिका के कार्यालय में अध्यक्ष और ईओ ही नहीं होंगे तो फिर कामकाज तो प्रभावित होगा ही। वहीं पुष्कर भाजपा मंडल के अध्यक्ष सूरज नारायण पाराशर ने कहा कि पालिका अध्याक्ष और ईओ की गैर मौजूदगी के बाद भी पालिका में कामकाज हो रहा है। पाराशर ने कहा कि पालिका अध्यक्ष कमल पाठक मुम्बई में अपना जन्म दिन मना रहे हैं, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है। मुझे मुम्बई का निमंत्रण मिला भी नहीं, लेकिन यदि वर्तमान परिस्थितियों में पालिका अध्यक्ष और ईओ पुष्कर में रहते तो ज्यादा अच्छा होता। जहां तक मुम्बई जाने पर पार्टी से अनुमति लेने का सवाल है तो मुम्बई में पार्टी का कोई कार्यक्रम नहीं है। सभी लोग अपने निजी स्तर पर मुम्बई गए हैं।
बड़े नेेताओं से शिकायत करेंगे
पुष्कर नगर पालिका के भाजपा पार्षद ओम प्रकाश पाराशर ने कहा कि पालिकाध्यक्ष कमल पाठक ने जिस प्रकार मुम्बई में अपने जन्म दिन का जश्न मनाया है, उसकी शिकायत संगठन के बड़े नेताओं से की जाएगी। पाराशर ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नेपाल में आए भूकंप में मरने वाले लोगों के परिवारों की मदद के लिए रात दिन एक कर रहे है, तब भाजपा के पालिकाध्यक्ष और कुछ पार्षद मुम्बई जाकर जन्मदिन का जश्न मनाए, यह उचित नहीं है। पुष्कर के मतदाताओं ने 20 में से 16 भाजपा के पार्षद जिता कर यह उम्मीद की थी कि भाजपा बोर्ड अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। पाराशर ने स्पष्ट किया कि जीवन महावर, शिवस्वरूप महर्षि, सुखलाल मट्टू, विष्णु सेन और वे स्वयं मुम्बई नहीं गए हैं। हम लोग पुष्कर में ही रहकर अपने वार्ड के मतदाताओं की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
जनरल सिंह का नहीं हो सका स्वागत
तीन मई को विदेश राज्यमंत्री जनरल वी.के.सिंह ने पुष्कर में पवित्र सरोवर की पूजा अर्चना की, लेकिन पालिकाध्यक्ष कमल पाठक और क्षेत्रीय विधायक सुरेश सिंह रावत जनरल का स्वागत करने के लिए उपस्थित नहीं थे। इन दोनों प्रमुख जनप्रतिनिधियों की गैर मौजूदगी में भाजपा के पदाधिकारियों ने ही जनरल का स्वागत किया।
(एस.पी. मित्तल) (spmittal.blogspot.in) M-09829071511

No comments:

Post a Comment