Friday 26 June 2015

हाथों हाथ दिखा राजस्व मंत्री की कथनी और करनी में फर्क


(spmittal.blogspot.in)

अजमेर स्थित राजस्थान राजस्व मंडल के वकीलों की ओर से 26 जून को प्रदेश के राजस्व मंत्री अमराराम चौधरी का अभिनंदन किया गया। अभिनंदन समारोह में वकीलों को उपदेश देते हुए चौधरी ने कहा कि प्रदेश के गरीब काश्तकार को शीघ्र न्याय मिले, इसकी जिम्मेदारी वकीलों की भी है। वकीलों को तारीख पर तारीख से बचना चाहिए। सरकार की मंशा भी काश्तकार को ईमानदारी के साथ जल्द से जल्द न्याय दिलाने की है। चौधरी ने भले ही समारोह में वकीलों को सीख दी हो, लेकिन 26 जून को चौधरी की वजह से ही राजस्व मंडल में न्यायिक कार्य स्थगित रहा। चूंकि अभिनंदन समारोह राजस्व मंडल परिसर में ही हुआ, इसलिए सुबह से ही मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी तैयारियों में जुटे हुए थे। अपने समारोह को सफल बनाने के लिए वकील समुदाय भी अदालतों में उपस्थित होने की बजाय समारोह की तैयारियों में व्यस्त रहा। इतना ही नहीं आरएएस कोटे से मंडल के सदस्य बने अधिकांश सदस्य भी राजस्व मंत्री को शक्ल दिखाने को आतुर दिखे। मंडल में 26 जून को जो हालात उत्पन्न हुए, उसकी नजह से न्यायिक कार्य अपने आप स्थगित हो गया। इससे प्रदेश भर से आए काश्तकारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जो राजस्व मंत्री वकीलों से काश्तकारों को जल्द न्याय दिलाने की उम्मीद कर रहे थे, उन्हीं मंत्री के अभिनंदन की वजह से 26 जून को काश्तकारों की सुनवाई नहीं हो सकी। यदि मंत्री के मन में काश्तकारों का इतना ही दर्द है तो उन्हें राजस्व मंडल में जिला न्यायालय और हाईकोर्ट की तरह प्रात: 10 से सायं 5 बजे तक न्यायिक कार्य करवाना चाहिए। राजस्व मंडल में रोजाना मुश्किल से दो से तीन घंटे ही काम होता है। दोपहर डेढ़ बजे बाद तो न्यायिक कार्य होने की परम्परा ही नहीं है। सुबह कोई भी सदस्य न्यायालय में 11 बजे से पहले उपस्थित नहीं होता। राजस्व मंत्री अमराराम चौधरी को इस बात का जवाब देना चाहिए कि जब हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक कार्य होता है तो उसके अधीन आने वाले राजस्व मंडल में क्यों नहीं होता? क्या यह राजस्व मंत्री की कथनी और करनी में फर्क नहीं है? चौधरी को अपने मंत्री पद की स्थिति का इसी से अंदाजा लगा लेना चाहिए कि मंडल की अध्यक्ष नीलिमा जौहरी समारोह में उपस्थित नहीं हुई। जौहरी सप्ताह में मुश्किल से दो या तीन दिन ही अजमेर मुख्यालय पर रहती हैं। सप्ताह के शेष दिन जौहरी के जयपुर में व्यतीत होते हैं।
सीएम के समर्थन में सोशल मीडिया पर अभियान
सीएम वसुंधरा राजे के इस्तीफे की अटकलों के बीच अजमेर देहात भाजपा की ओर से राजे के समर्थन में सोशल मीडिया पर जोरदार अभियान चलाया गया है। वाट्सएप, फेसबुक व ट्विटर पर अभियान चलाकर कहा जा रहा है कि वसुंधरा के विकास का कोई विकल्प नहीं है। वाट्सएप पर बने विभिन्न ग्रुप में राजे के समर्थन में पोस्ट डाली जा रही है तो फेसबुक पर राजे के समर्थन में पेज बनाए गए हैं। एक ओर राजे की फोटो तो दूसरी ओर समर्थक भाजपा नेता ने अपना फोटो अंकित किया है। अजमेर जिला देहात भाजपा के अध्यक्ष प्रो. बी.पी. सारस्वत ने कहा कि कांग्रेस एक षडयंत्र के तहत सीएम राजे का इस्तीफा मांग रही है। असल में कांग्रेस गत विधानसभा और लोकसभा चुनाव की करारी हार को अभी तक भी पचा नहीं पाई है। राजे के नेतृत्व में सत्ता और संगठन पूरी तरह एकजुट हैं।
(एस.पी. मित्तल)M-09829071511

No comments:

Post a Comment