Friday 7 August 2015

बागियों को मनाने मे जुटे भाजपा और कांग्रेस के नेता दोनों मंत्रियों ने भी दी चेतावनी

नगर निगम के चुनाव बागी बनकर अपनी-अपनी पार्टी को चुनौती देने वाले उम्मीदवारों को मनाने के लिए अब भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेता जुट गए हैं।
नगर निगम के साठ वार्डों में से अधिकांश में कांग्रेस और भाजपा को बगावत का सामना करना पड़ रहा है। अधिकृत प्रत्याशी को हराने के लिए दोनों ही संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नामांकन दाखिल कर दिया है। भाजपा में बागियों को मनाने की जिम्मेदारी स्कूली शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी एवं महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती अनिता भदेल को दी गई है। जबकि कांग्रेस में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह रलावता और वरिष्ठ नेता हेमंत भाटी बागियों को मनाने का काम कर रहे है। वार्ड नम्बर एक से भाजपा के प्रत्याशी महेन्द्र जैन मित्तल को सोहन सिंह रावत चुनौती दे रहे है। वहीं कांग्रेस के शैलेन्द्र अग्रवाल को बनवारी लाल शर्मा चुनौती दे रहे हैं। इसके अलावा इस वार्ड से तीन प्रत्याशी नितिन, रहमी खां व शकील अहमद भी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड नम्बर 2 में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी प्रदीप हीरानंदानी को अपनी ही पार्टी के रेलिश बंसल चुनौती दे रहे हैं। बंसल के पिता सतीश बंसल शहर भाजपा के उपाध्यक्ष है और वे अभी हाल ही में लॉयन्स क्लब के डिप्टी गर्वनर चुने गए हैं। बंसल को क्षेत्रीय भाजपा विधायक देवनानी का समर्थन माना जाता है। वहीं इस वार्ड में रमजान खान भी भाजपा के लिए चुनौती के रूप में सामने आ रहे हैं। इसी प्रकार कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी मनोज बैरवा को शैलेश गुप्ता चुनौती दे रहे हैं। गुप्ता का कहना है कि यह वार्ड सामान्य वर्ग का है, लेकिन फिर भी पार्टी ने एससी वार्ड को उम्मीदवार बनाया है।  इसी प्रकार वार्ड संख्या 6 में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी धर्मपाल जाटव को त्रिलोक बागी होकर चुनौती दे रहे हैं। वार्ड 8 से भाजपा के राजू साहू को कुशल पारलेचा बागी के रूप में चुनौती दे रहे हैं। वार्ड 12 में भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी सलोनी जैन है, इनको रुचि श्रीवास्तव चुनौती दे रही हैं। इसी प्रकार वार्ड 13 में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी भारत कुमार धौलखेडिय़ा को कुलदीप लखन व भैरोलाल डाबोरिया की बगावत का सामना करना पड़ेगा। इसी प्रकार भाजपा के कन्हैयाला नोगियों को सुनील कुमार गुजराती चुनौती दे रहे हैं। वार्ड 18 में कांग्रेस के प्रत्याशी उर्मिला को आशा तारावत बागी के रूप में चुनौती दे रही हैं। वार्ड 19 में भाजपा के भवानी सिंह को अनिल गोयर चुनौती देने के लिए तैयार है, वहीं इस वार्ड में कांग्रेस का कोई अधिकृत प्रत्याशी नहीं है, कांग्रेस ने इस वार्ड से विजय नागौरा से अधिकृत प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करवाया था, लेकिन शैक्षणिक योग्यता के अभाव में नागौरा का नामांकन खारिज जो गया। ऐसी स्थिति में कांग्रेस निर्दलीय प्रत्याशी प्रेम चंद को अपने पक्ष में करने का प्रयास करने में जुटी है, वहीं अरुण चिरवांडिया कांग्रेस से बगावत आमादा है।
इसी क्रम में वार्ड संख्या 23 में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी नवल किशोर को ललित चुनौती दे रहे हैं। वार्ड 27 में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी दीपा गुर्जर को गीतांजलि राठौड़ बागी के रूप में चुनौती दे रही हैं। वार्ड 29 से भाजपा के दलजीत सिंह को पंकज गढ़वाल चुनौती दे रहे हैं। इसी प्रकार वार्ड 32 में कांग्रेस की द्रौपदी को रेनू चित्तौडिय़ा बागी के रूप में चुनौती दे रहे हैं। वार्ड 33 में कांग्रेस की रेखा पिंगोलिया को एक साथ दो प्रत्याशी संतोष जाटव व ललिता सरवानिया चुनौती दे रही हैं। वार्ड 36 में कांग्रेस के गोपाल सिंह चौहान को ललित कुमार कुम्पावत और भाजपा के दिनेश को जितेन्द्र चौहान और प्रीतपाल सिंह दुआ चुनौती देने पर आमादा है। वार्ड 40 में भाजपा के प्रत्याशी सोमरत्न आर्य जो कि उपसभापति रहे चुके हैं, इनको महेन्द्र कुमार भाटी चुनौती दे रहे हैं। भाटी पूर्व सांसद और भाजपा के दिग्गज नेता जसवंत सिंह को अपना खैरख्वाह मानते हैं और पिछले कई सालों से उनके जन्मदिन पर सुंदर कांड पाठ का आयोजन कर अपनी राजनीति जमीन तैयार करते रहे हैं। वार्ड 43 से भाजपा के प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह शेखावत जो कि महापौर पद के दावेदार हैं, इनके सामने बृजमोहन चौहान व रणजीत सिंह बागी के रूप में डटे हुए हैं। वार्ड 44 में  भाजपा की संतोष मौर्य को नीलिमा चौहान बागी के रूप में चुनौती दे रही हैं। वार्ड 45 से भाजपा के जितेन्द्र कुमार शर्मा को अशोक मलिक तथा वार्ड 53 से भाजपा के योगेश को कृष्णकुमार त्रिपाठी बागी हो कर चुनौती दे रहे हैं।
(एस.पी. मित्तल)(spmittal.blogspot.in)M-09829071511

No comments:

Post a Comment