Thursday 26 November 2015

गायों की मौत पर निगम अफसरों के मुंह पर कालिख पोती।



अजमेर नगर निगम पर भाजपा का कब्जा है, लेकिन इसके बावजूद भी विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने कांजी हाऊस में गायों की मौत के विरोध में निगम के स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा और राजस्व अधिकारी भगवान बच्चानी  के मुंह पर कालिख पोत दी। हुआ यंू कि 26 नवम्बर को विहिप के नगर प्रमुख लेखराज सिंह राठौड़ को जानकारी मिली की नगर निगम के माकड़वाली रोड स्थित कांजी हाऊस में 10 गायों की मौत हो गई है। जानकारी के मिलते ही राठौड़ और विहिप के कार्यकर्ता कांजी हाऊस पहुंच गए और मौके पर ही दोनों अधिकारियों को बुला लिया। हालांकि अधिकारियों ने सफाई देने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए कार्यकर्ताओं ने एक नहीं सुनी और दोनों अधिकारियों के मुंह पर कालिख पोत दी। दोनों अधिकारियों ने कालिख पोतने का विरोध भी नहीं किया। नगर निगम के मेयर धर्मेन्द्र गहलोत ने निगम अधिकारियों के मुंह पर कालिख पोतने की घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यदि गायों की सार संभाल में कोई लापरवाही बरती गई है तो उसे दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। विहिप के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि भूख की वजह से गायों की मौत हुई है, जबकि स्वास्थ्य अधिकारी शर्मा ने कहा कि गायों की मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। 
वहीं राजस्व अधिकारी बच्चानी ने मुंह काला करने वाले अज्ञात लोगों के विरुद्ध पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। इसके साथ ही मेयर गहलोत ने उपायुक्त गजेन्द्र सिंह रलावता को जांच अधिकारी नियुक्त कर तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा है। गहलोत ने कहा कि कई बार सांड और छोटी गाए आपस में झगड़ते हैं, जिसकी वजह से भी गायों की मौत हो जाती है। सांडों को अलग रखने के लिए 43 लाख रुपए की लागत से टीन शेड का निर्माण करवाया जा रहा है। 

(एस.पी. मित्तल)
(spmittal.blogspot.in)M-09829071511

No comments:

Post a Comment