Monday 16 May 2016

अजमेर में बच्चों की मौतों पर कांग्रेस ने किया उग्र प्रदर्शन।

#1353

------------------------------------
अजमेर के जेएलएन अस्पताल में दो दिनों में 8 नवजात बच्चों की मौत होने के विरोध में 16 मई को कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर उग्र प्रदर्शन किया।
कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर एकत्रित हुए और वसुंधरा राजे सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं की उग्रता को देखते हुए पुलिस ने कलेक्ट्रेट का मुख्यद्वार बंद कर दिया और बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया। पुलिस दल की मौजूदगी के बावजूद उत्तेजित कार्यकर्ता लोहे के गेट पर चढ़ गए और कलेक्ट्रेट परिसर में जबरन घुसने लगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बड़ी मुश्किल से कार्यकर्ताओं को शांत किया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर गौरव गोयल से मुलाकात की। कांग्रेसियों ने कलेक्टर से जानना चाहा कि 8 मौतों के बाद भी दोषी डॉक्टरों एवं चिकित्साकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही क्यों नहीं हो रही है। नेताओं ने कहा कि सरकार और प्रशासन के ढीले रवैये की वजह से आम लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि यदि दोषी डॉक्टरों को निलम्बित नहीं किया गया तो जन आंदोलन किया जाएगा। कलेक्टर को दिए गए ज्ञापन में मांग की गई कि बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। जो बच्चे इस समय अस्पताल में भर्ती है उनका समुचित इलाज करवाया जाए। इस बात के पुख्ता इंतजाम करवाए जाए कि अब और बच्चों की मौत ना हो।
कलेक्टर से मिलने वालों में शहर कांग्रेस के अध्यक्ष विजय जैन, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल, प्रदेश मंत्री महेन्द्र सिंह रलावता, पूर्व मंत्री ललित भाटी, राजेश टंडन, शैलेन्द्र अग्रवाल, सबा खान, अमोलक छाबड़ा आदि रहे।
अजमेर जिला देहात कांग्रेस कमेटी (विधि) के अध्यक्ष हरिसिंह गुर्जर ने जेएलएन में नवजात बच्चों की हुई मृत्यु की न्यायिक जांच की मांग करते हुए दोषी डॉक्टरों पर कार्यवाही की मांग की है।
एबीवीपी ने किया प्रदर्शन :
एबीवीपी के छात्रों ने भी 8 बच्चों की मौत के विरोध में सोमवार को जेएलएन अस्पताल के बाहर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। महानगर प्रमुख शुभम शर्मा, नगरमंत्री अकलेश लख्यानी, गोपाल गुर्जर, दुर्गेश जुनवाल आदि ने मांग की है कि यदि दोषी चिकित्साकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं हुई तो सरकार और प्रशासन के खिलाफ जन आंदोलन किया जाएगा।
एनएसयूआई ने भी किया विरोध-प्रदर्शन:
एनएसयूआई की जिला इकाई ने सोमवार को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में हुई बच्चों की मौत पर कलेक्ट्रेट पर विरोध-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा के नेतृत्व में अनेक छात्र उपस्थित रहे। मल्होत्रा ने बताया कि बच्चों की मृत्यु पर अभी तक दोषी चिकित्सक व कर्मियों पर जांच प्रारंभ नहीं हुई। यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में सागर मीणा, गजेन्द्र सिंह, सत्या लखन, दीपक मीणा, संदीप गढ़वाल, लखन, उमेश नायक, नवीन, महेन्द्र टोगस प्रमुख रहे।
न्यायिक जांच की मांग:
पीपुल्स यूनियन सिविल लिब्रटिस ने जेएलएन में हुई शिशुओं की मौत की भत्र्सना करते हुए सम्पूर्ण प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की है। सचिव डॉ. अनन्त भटनागर के अनुसार राज्य सरकार मौत के प्रति संवेदन शून्य है।
नोट- फोटोज मेरे ब्लॉग spmittal.blogspot.in तथा फेसबुक अकाउंट पर देखें। 

(एस.पी. मित्तल)  (16-05-2016)
(spmittal.blogspot.in) M-09829071511

No comments:

Post a Comment