Friday 10 June 2016

अमरीका के मुकाबले भारत में महिलाओं को ज्यादा अधिकार। भाजपा नेता देवेन्द्र सिंह शेखावत अजमेर लौटे।

#1449
अमरीका के मुकाबले भारत में महिलाओं को ज्यादा अधिकार। भाजपा नेता देवेन्द्र सिंह शेखावत अजमेर लौटे।
------------------------------------
आईवीएलपी प्रोग्राम के अन्तर्गत अमरीका के दौरे पर गए भाजपा के युवा नेता देवेन्द्र सिंह शेखावत 10 जून को अजमेर लौट आए हैं। भारत और अमरीका के बीच राजनीतिक रिश्तों को मजबूत करने की दृष्टि से भारत का जो प्रतिनिधि मंडल अमरीका गया था, उसमें शेखावत भाजपा के प्रतिनिधि के रूप में शामिल थे। इस प्रतिनिधि मंडल में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, जनता दल, माकपा आदि के प्रतिनिधि भी शामिल थे। 21 दिन के दौरे में भारतीय प्रतिनिधि मंडल ने अमरीका की संसद से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक की गतिविधियों का जायजा लिया। दौरे से लौटने के बाद शेखावत ने बताया कि उन्हें अमरीका को नजदीकी के साथ देखने और समझने का अवसर मिला है। आज पूरी दुनिया में आधी आबादी यानि महिलाओं का विकास सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है। दुनिया में अमरीका को सबसे बड़ा और मजबूत देश माना जाता है। लेकिन महिलाओं को अधिकार देने में अमरीका भारत से काफी पीछे है। भारत में जहां महिलाओं को ग्राम पंचायत से लेकर लोकसभा के चुनाव तक में आरक्षण उपलब्ध है, वहीं अमरीका में महिलाओं के लिए ऐसी सुविधा नहीं है। इन दिनों अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव का शोर है। पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन भी उम्मीदवार है। लेकिन महिला होने के कारण हिलेरी की स्थिति को कमजोर माना जा रहा है। भारत में महिलाओं को पुरुषों के बराबर दर्जा दिया गया है। यहां तक सम्पत्ति में भी बराबर का हक है। सरकार ने करों में भी महिलाओं को रियायत दी है। जबकि अमरीका में महिलाओं के प्रति ऐसा सम्मान नहीं है। अब अमरीका के नागरिक भी ये मानने लगे हैं कि भारत का माहौल शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक है। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद तो अमरीका की सरकार का झुकाव भी भारत की ओर बढ़ा है। यही वजह है कि अमरीका ने अपनी पाकिस्तान की नीति में भी बदलाव किया है।
(एस.पी. मित्तल)  (10-06-2016)
(www.spmittal.in) M-09829071511

No comments:

Post a Comment