Monday 20 March 2017

#2367
वसुंधरा राजे को घर में ही मात देने के लिए मायावती ने कांग्रेस से हाथ मिलाया। धौलपुर उप चुनाव में बसपा का नहीं होगा उम्मीदवार।
====================== 
20 मार्च को जब धौलपुर उप चुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार बनवारी लाल शर्मा ने नामांकन दाखिल किया तो उसी समय बसपा प्रमुख मायावती ने अपने प्रतिनिधि से घोषणा करवाई कि इस उप चुनाव में उनकी पार्टी का उम्मीदवार नहीं होगा यानि उप चुनाव में मायावती कांग्रेस के साथ होगी। धौलपुर के बसपा के कार्यकर्ताओं को मायावती के इस फैसले पर भारी आश्चर्य हो रहा है क्योंकि गत विधानसभा के चुनाव में जब मोदी लहर थी, तब भी धौलपुर से बसपा के उम्मीदवार बी.एल. कुशवाह चुनाव जीते थे। यानि तब मायावती ने धौलपुर में कांग्रेस और भाजपा दोनों को हराया। असल में मायावती कांग्रेस के साथ मिलकर राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे को उनके घर में ही मात देना चाहती है। वसुंधरा राजे धौलपुर राजघराने की बहू है इसलिए धौलपुर राजे का घर माना जाता है। धौलपुर का महल राजे की निजी सम्पत्ति है। धौलपुर का उप चुनाव राजे की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है। राजे इस उप चुनाव को कितनी गंभीरता से ले रही हैं, इसका अंदाजा शोभारानी कुशवाह को भाजपा का उम्मीदवार बनाए जाने से लगाया जा सकता है। शोभारानी पूर्व विधायक बी.एल. कुशवाह की पत्नी  भी है। चूंकि कुशवाह को हत्या के आरोप में सजा हो गई है इसलिए विधायक की सदस्यता भी रद्द कर दी गई थी। चूंकि कुशवाह गत चुनाव में मोदी लहर के बाद भी बसपा के टिकट पर चुनाव जीत गए इसलिए सीएम राजे ने कुशवाह की पत्नी को ही भाजपा का उम्मीदवार बना दिया। राजे का मानना रहा है कि शोभारानी जिताऊ उम्मीदवार है। लेकिन 20 मार्च को मायावती ने जो राजनीतिक चाल चली है, उससे यह उप चुनाव राजे के लिए चुनौती बन गया है। कांग्रेस भी चाहती है कि धौलपुर का उप चुनाव जीत कर अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व सरकार विरोधी माहौल खड़ा किया जाए। कांग्रेस भी इस चुनाव को कितनी गंभीरता से ले रही है, इसका कारण अंदाजा भी इसी से लगाया जा सकता है कि 20 मार्च को जब बनवारी लाल शर्मा ने नामांकन दाखिल किया तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट स्वयं उपस्थित थे। पूर्व सीएम अशोक गहलोत को भी आना था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों की वजह से गहलोत नहीं आ सके। आगामी 9 अप्रेल को होने वाले चुनाव के लिए सीएम राजे ने कोई आधा दर्जन मंत्रियों को धौलपुर में नियुक्त किया है। इसके साथ ही अपने सांसद पुत्र दुष्यंत सिंह को भी धौलपुर में ही रहने के निर्देंश दिए हैं। 
(एस.पी.मित्तल) (20-03-17)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
M: 07976-58-5247, 09462-20-0121 (सिर्फ वाट्सअप के लिए)

No comments:

Post a Comment