Monday 24 July 2017

#2821
आखिर पुष्कर तीर्थ में श्रद्धालुओं से क्यों वसूला जाता है टैक्स? मेयर पुत्र विवाद की जानकारी ठेकेदार को नहीं।
==========
इस समय राजस्थान और केन्द्र में भाजपा की सरकार है। अभी 21 जुलाई को ही जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जयपुर आए तो प्रदेश भर के साधु-संतों को एकत्रित कर आशीर्वाद लिया। सीएम वसुंधरा राजे इन दिनों सावन माह के प्रत्येक सोमवार को प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान करवा रही हैं। राजे स्वयं विभिन्न मंदिरों में जाकर पूजा-पाठ करती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर हिन्दुओं के तीर्थ स्थल पुष्कर में श्रद्धालुओं से टैक्स की वसूली क्यों की जा रही है? श्रद्धालुओं से टैक्स की वसूली के लिए पुष्कर नगर पालिका प्रतिवर्ष टेंडर आमंत्रित करती है। वित्तीय वर्ष 2017-18 के लिए भी 56 लाख 57 हजार रुपए में ठेका दे रखा है। जब ठेकेदार पालिका में 56 लाख रुपए जमा करवाता है तो श्रद्धालुओं से वसूली का अंदाजा लगाया जा सकता है। सरकार के दिशा-निर्देंशों के अनुरूप वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं से 2 रुपए प्रति श्रद्धालु तथा कार आदि वाहन का 10 रुपए शुल्क निर्धारित कर रखा है। यह माना कि पालिका की आय का मुख्य स्त्रोत श्रद्धालुओं से टैक्स वसूली है। सवाल उठता है कि जब भाजपा की सरकार साधु-संतों से आशीर्वाद लेती है तो फिर पुष्कर जैसे तीर्थ स्थल पर टैक्स की वसूली क्यों होती है? जो साधु-संत सरकारी बुलावे पर नेताओं को आशीर्वाद देने के लिए जाते हैं, उनकी भी यह जिम्मेदारी है कि वे सरकार पर दबाव डाल कर पुष्कर तीर्थ से टैक्स वसूली को बंद करवावें। पालिका को होने वाले राजस्व के घाटे की पूर्ति सरकार को करनी चाहिए। 
ठेकेदार को नहीं है जानकारी :
23 जुलाई को अजमेर नगर निगम के मेयर धर्मेन्द्र गहलोत के पुत्रों के साथ पुष्कर के नाके पर जो मारपीट की घटना हुई, उसकी जानकारी पुष्कर नगर पालिका के ठेकेदार रविन्द्र पंडित को नहीं है। महाराष्ट्र निवासी रविन्द्र पंडित से जब विवाद के बारे में जानकारी ली गई तो उसने साफ कहा कि मुझे तो झगड़े के बारे में पता ही नहीं है। वहीं पुष्कर में ठेकेदार के मैनेजर के तौर पर काम कर रहे रवि पाराशर ने कहा कि अब मामला समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि नाके के कर्मचारी को हिदायत दे रखी है कि अजमेर नंबर वाले वाहनों से टैक्स की वसूली नहीं की जाए। पाराशर ने मेयर गहलोत के पुत्रों के साथ हुई घटना पर खेद प्रकट किया है। वे स्वयं भी भाजपा के कार्यकर्ता हैं और गहलोत का बेहद सम्मान करते हैं। 
एस.पी.मित्तल) (24-07-17)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
M: 07976-58-5247, 09462-20-0121 (सिर्फ वाट्सअप के लिए)

No comments:

Post a Comment