Thursday 10 August 2017

#2885
उप चुनाव में रहेगी अजमेर के भाजपा विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर।
क्या अपने-अपने क्षेत्रों से पिछली बढ़त को बरकरार रख पाएंगें?
========
अजमेर से भाजपा के सांसद सांवरलाल जाट के निधन के बाद यह माना जा रहा है इसी वर्ष नवम्बर में होने वाले गुजरात विधानसभा के चुनाव के साथ ही अजमेर जिले में लोकसभा के उपचुनाव भी करवा दिए जाए। इस समय अजमेर जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों में से सात में भाजपा के विधायक हैं। इन 7 में से भी दो स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री हैं तो 2 संसदीय सचिव बन कर मंत्री स्तर की सुविधाएं ले रहे हैं। पूरे राजस्थान में अजमेर एक मात्र जिला है जहां 7 में से 4-4 विधायक मंत्री हैं। यही वजह है कि लोकसभा के उपचुनाव में इन विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर है। सवाल उठता है कि क्या ये विधायक गत विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मिली बढ़त को अपने-अपने क्षेत्रों में कायम रख पाएंगे? अगले वर्ष नवम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव में फिर से उम्मीदवारी हांसिल करने के लिए उपचुनाव के परिणाम महत्त्वपूर्ण होंगे। जिले में गत लोकसभा और विधानसभा के परिणाम विधानसभा वार इस प्रकार से हैं।
अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र:
अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से 2013 में भाजपा की श्रीमती अनिता भदेल ने कांग्रेस के उम्मीदवार हेमंत भाटी को 23 हजार 158 मतों से हराया था, जबकि 2014 के लोकसभा चुनाव में यह बढ़त 28 हजार 760 मतों की हो गई। इस क्षेत्र में 32 वार्ड आते हैं, लेकिन गत वर्ष हुए नगर निगम के चुनाव में भाजपा को सिर्फ 13 वार्डों में ही जीत मिली। श्रीमती भदेल इस समय प्रदेश की महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री भी हैं। 
अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र:
अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से 2013 में भाजपा के वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस के उम्मीदवार डॉ. श्रीगोपाल बाहेती को 20 हजार 479 मतों से हराया था। लोकसभा के चुनाव में यह बढ़त 35 हजार 778 मतों की हो गई। देवनानी इस समय प्रदेश के स्कूली शिक्षा राज्यमंत्री हैं। 
किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र:
किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2013 में भाजपा के भागीरथ चौधरी ने कांग्रेस के उम्मीदवार नाथूराम सिनोदिया को 31 हजार 74 मतों से हराया था। वहीं लोकसभा में यह बढ़त 32 हजार 984 मतों की हो गई। भाजपा में इस समय भागीरथ चौधरी को जाट समुदाय का बड़ा नेता माना जा रहा है। चौधरी को गत वर्ष संसदीय सचिव भी बनाया जा रहा था, लेकिन भाजपा की आंतरिक खींचतान की वजह से ऐन मौके पर चौधरी का नाम कट गया। 
केकड़ी विधानसभा क्षेत्र:
केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के शत्रुघ्न गौतम ने कांग्रेस के उम्मीदवार रघु शर्मा को 8 हजार 864 मतों से हराया था। वहीं वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा की यह बढ़त 13 हजार 963 मतों की हो गई। गौतम इस समय संसदीय सचिव हैं। लेकिन गत चुनाव की हार के बाद से ही कांग्रेस के रघु शर्मा भी केकड़ी में सक्रिय हैं। 
मसूदा विधानसभा क्षेत्र:
मसूदा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की श्रीमती सुशील कंवर पलाड़ा ने कांग्रेस के ब्रह्मदेव कुमावत को 4 हजार 475 मतों से हराया था। वहीं लोकसभा ने चुनाव में भाजपा की बढ़त 8 हजार 968 मतों की हो गई। 
नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र:
नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के स्वर्गीय सांवरलाल जाट ने कांग्रेस के उम्मीदवार महेन्द्र सिंह गुर्जर को 28 हजार 494 मतों से हराया था, लेकिन अगले वर्ष हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा की बढ़त घट गई। गुर्जर बाहुल्य इस क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार सचिन पायलट 10 हजार 992 मतों से पीछे रहे। यहां यह खासतौर से उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 में जब नसीराबाद में उपचुनाव हुए तो भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। 
पुष्कर विधानसभा क्षेत्र:
पुष्कर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के सुरेश सिंह रावत ने कांग्रेस की उम्मीदवार श्रीमती नसीम अख्तर को 41 हजार 290 मतों से हरायाथा। पुष्कर में भी लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत का अंतर कम हो गया। लोकसभा में भाजपा उम्मीदवार मात्र 13 हजार 178 मतों से ही आगे रहे। पुष्कर के भाजपा विधायक रावत वर्तमान में संसदीय सचिव भी हैं। 
लोकसभा चुनाव में ब्यावर शामिल नहीं:
लोकसभा संसदीय क्षेत्र में अजमेर जिले का ब्यावर विधानसभा क्षेत्र में शामिल नहीं है। ब्यावर की जगह जयपुर के दूदू विधानसभा क्षेत्र को अजमेर संसदीय क्षेत्र में शामिल किया गया है। गत लोकसभा के चुनाव में भाजपा को दूदू से 26 हजार 428 मतों की बढ़त मिली थी। विधानसभा के चुनाव में भी भाजपा की जीत हुई थी। यह कहा जा सकता है कि ब्यावर के भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत को उपचुनाव में राहत रहेगी। 
जीत का बड़ा अंतर:
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस के उम्मीदवार पायलट को 1 लाख 71 हजार 983 मतों से हरायाथा। सवाल उठता है कि क्या उपचुनाव में भाजपा को इतनी बड़ी जीत मिल सकेगी? जबकि भाजपा के विधायकों के व्यवहार को लेकर आम मतदाताओं  में नाराजगी देखी गई है। 
एस.पी.मित्तल) (10-08-17)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
================================
M: 07976-58-5247, 09462-20-0121 (सिर्फ वाट्सअप के लिए)

No comments:

Post a Comment