Wednesday 21 March 2018

जैन मुनि के आगमन पर प्रसन्नता के सागर में डूबा केकड़ी।

जैन मुनि के आगमन पर प्रसन्नता के सागर में डूबा केकड़ी। नगर पालिका ने पलक पावड़े बिछा कर किया स्वागत।
======



21 मार्च को तपस्वी और जैन मुनि प्रसन्न सागर महाराज के केकड़ी (अजमेर) आगमन पर पूरा शहर प्रसन्नता में डूब गया। नगर पालिका के अध्यक्ष अनिल मित्तल और क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में शहरवासियों ने जैन मुनि का शानदार स्वागत किया। असल में अजमेर में पंचकल्याण महोत्सव करवाने के बाद जैन मुनि अहमदाबाद जा रहे हैं। हालांकि अजमेर से अहमदाबाद के मार्ग में केकड़ी नहीं आता है, लेकिन शहरवासियों के आग्रह पर जैन मुनि ने केकड़ी आना स्वीकार किया। यहां यह उल्लेखनीय है कि जैन मुनि पैदल ही भ्रमण करते हैं। 21 मार्च को जैन मुनि के आगमन पर अजमेर जयपुर बाईपास पर बने कोई दो किलोमीटर मार्ग का नाम भी प्रसन्न सागर महाराज रखा गया। पहले इस मार्ग का नाम राजपुरा रोड था। इसके साथ ही प्रसन्न सागर द्वारा द्वार और सर्किल का भी लोकार्पण किया गया। जब जैन मुनि का प्रवेश हुआ तो पूरा केकड़ी प्रसन्नता के सागर में डूब गया। जैन महिला मंडल के बैंड वादन, मालपुरा के अल्टीमेट ग्रुप पटेल स्कूल के एनसीसी के छात्रों ने प्रसन्नता के माहौल को बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पालिका अध्यक्ष मित्तल का कहना रहा कि उन्होंने प्रसन्न सागर महाराज को केकड़ी में बुलाने का जो सपना देखा था वह आज पूरा हो गया। प्रसन्न सागर महाराज जैसे तपस्वी संत के आगमन से केकड़ी की धरती धन्य हो गई है। पिछले दिनों ही जयपुर में चार्तुमास के दौरान प्रसन्न सागर महाराज ने 186 दिनों का मौन व्रत किया। इसमें 162 दिनों तक अन्न और जल के बिना रहे। इतना ही नहीं इस कठिन तपस्या में कई कई घंटों तक धूप में एक पैर पर भी खडे़ रहे।
धर्म पर चलना जरूरी-जैनमुनि
केकड़ी में धर्मसभा को संबोधित करते हुए जैनमुनि ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य का धर्म पर चलना जरूरी है। धर्म की शिक्षाओं का अनुसरण करने पर जीवन में कभी भी कठिनाई नहीं आती। जैन मुनि ने पालिका अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक को आशीर्वाद भी दिया।

No comments:

Post a Comment