Friday 23 March 2018

श्री मसाणिया भैरवधाम पर हजारों श्रद्धालुओं ने लिया बेटी बचाओ और पढ़ाने का संकल्प।

श्री मसाणिया भैरवधाम पर हजारों श्रद्धालुओं ने लिया बेटी बचाओ और पढ़ाने का संकल्प। छठ मेले में उमड़ी भीड़।
=====



23 मार्च को अजमेर के निकट राजगढ़ गांव स्थित मसाणिया भैरवधाम पर छठ का मेला भरा। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं को धाम के मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज ने बेटी बचाने और पढ़ाने का संकल्प करवाया। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक राजेन्द्र सिंह खासतौर से उपस्थित थे। अपने संबोधन में उपासक चम्पालाल महाराज ने कहा कि राजेन्द्र सिंह जी उनके पिता तुल्य हैं और धाम के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। धाम के निकट श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए बरामदे का निर्माण और निकट ही भैरव मंदिर के निर्माण की अनुमति राजेन्द्रसिंह जी के प्रयासों से मिली है। महाराज ने इसके लिए श्रद्धालुओं और भैरवधाम की ओर से राजेन्द्र सिंह का आभार जताया। महाराज ने कहा कि सरकार के विभिन्न सामाजिक कार्यो का प्रचार प्रसार भैरवधाम से किया जाता है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ से पहले मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के जल स्वावलम्बन अभियान को भी घर घर तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि बेटियां जन्म नहीं लेंगी तो फिर समाज कैसे चलेगा। बेटियां न केवल जन्म ले बल्कि पढ़ाई भी करें। समाज में महिलाओं को सम्मान मिलना चाहिए, ताकि बेटियों के जन्म में वृद्धि हो। इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष शिव शंकर हेड़ा, नगर निगम के मेयर धर्मेन्द्र गहलोत, भाजपा विधायक कैलाश वर्मा, स्वामी समूह के चेयरमैन कंवल प्रकाश किशनानी, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, कांग्रेस प्रदेश सचिव महेन्द्र सिंह रलावता, पूर्व सभापति सुरेन्द्र सिंह शेखावत आदि भी उपस्थित थे।
देवनानी और बाहेती ने चढ़ाया झंडाः
23 मार्च को छठ मेले पर मसाणिया भैरवधाम के मुख्य भवन पर स्कूली शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी और कांग्रेस के पूर्व विधायक डाॅ. श्रीगोपाल बाहेती ने मिल कर झंडा चढ़ाया। असल में उपासक चम्पालाल महाराज ने झंडा चढ़ाने की रस्म के लिए इन दोनों को ही इशारा किया था। भैरवधाम पर राजनेताओं का भी जमघट लगा रहता है। नेताओं का मनना है कि भैरवधाम के आशीर्वाद से ही राजनीति में सफलता मिली है। भाजपा विधायक कैलाश वर्मा, मेयर गहलोत, एडीए अध्यक्ष हेड़ा आदि नेता अपनी सफलता का श्रेय भैरवधाम को ही देते हैं। चूंकि अब विधानसभा चुनाव निकट है, इसलिए कांग्रेस और भाजपा नेता अभी से ही ढोक लगाने लगे हैं। उपासक चम्पालाल महाराज का कहना है कि यहां सभी की मनोकमनाएं पूरी होती है। भैरवधाम के बारे में और अधिकारी जानकारी राहुल सेन 9950001400 व अविनाश सेन 9829223268 से ली जा सकती है।

No comments:

Post a Comment